Social Activity BSP
बिलासपुर/रतनपुर (Social Activity BSP)।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक नगर रतनपुर को एक बड़ी विकासात्मक सौगात मिली है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री और बिलासपुर सांसद Tokhan Sahu के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप रतनपुर में आधुनिक तकनीक आधारित डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट (DHP) को मंजूरी प्रदान की गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए केंद्र सरकार द्वारा ₹13.12 करोड़ की सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
नई दिल्ली में आयोजित सेंट्रल सैंक्शनिंग एंड मॉनिटरिंग कमेटी (CSMC) की बैठक में इस परियोजना को टेक्नोलॉजी एंड इनोवेटिव सब-मिशन (TISM) के अंतर्गत स्वीकृति दी गई। यह परियोजना छत्तीसगढ़ का पहला डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट होगा, जो आधुनिक निर्माण तकनीकों के माध्यम से किफायती और गुणवत्तापूर्ण आवास निर्माण का एक आदर्श मॉडल प्रस्तुत करेगा।
इस परियोजना के तहत रतनपुर में G+2 मॉडल पर आधुनिक आवासीय परिसर का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक आवासीय इकाई का कार्पेट एरिया लगभग 28.57 वर्गमीटर और प्लिंथ एरिया 42.79 वर्गमीटर निर्धारित किया गया है। परियोजना को सामाजिक कल्याण गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए रेंटल मॉडल पर संचालित किया जाएगा, जिससे जरूरतमंदों को सुविधाजनक और किफायती आवास उपलब्ध हो सके।
परियोजना में आवासीय इकाइयों के साथ कई आवश्यक सुविधाओं का भी प्रावधान किया गया है। इसमें डाइनिंग रूम और किचन, कार्यालय कक्ष (टॉयलेट सहित), गतिविधि कक्ष, मेडिकल रूम (टॉयलेट सहित), केयरटेकर कक्ष (टॉयलेट सहित) तथा लॉन्ड्री रूम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक सामुदायिक भवन का भी निर्माण किया जाएगा।
इस परियोजना का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) Building Materials and Technology Promotion Council द्वारा तैयार किया गया है। इसे डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट (DHP) 2018 के संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुरूप उपयुक्त पाया गया है।
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर केंद्रीय राज्यमंत्री एवं बिलासपुर सांसद Tokhan Sahu ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य तेजी से साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि रतनपुर में स्वीकृत यह परियोजना आधुनिक निर्माण तकनीकों का उत्कृष्ट उदाहरण बनेगी और प्रदेश में किफायती आवास निर्माण को नई दिशा देगी।
उन्होंने यह भी कहा कि इस परियोजना के निर्माण से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र के समग्र विकास को मजबूती मिलेगी। साथ ही यह परियोजना भविष्य में प्रदेश के अन्य शहरों के लिए भी एक मॉडल के रूप में कार्य करेगी।
इसी क्रम में रतनपुर के समग्र विकास को गति देने के लिए छत्तीसगढ़ शासन के राज्य बजट में शक्तिपीठ क्षेत्र के विकास हेतु विशेष राशि प्रदान करने की घोषणा की गई है। इसके अतिरिक्त रतनपुर के दो प्रमुख तालाबों को अमृत सरोवर के रूप में विकसित करने का निर्णय भी लिया गया है, जिससे पर्यटन और स्थानीय विकास को नई पहचान मिलेगी।
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति पर खुशी जाहिर करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री Tokhan Sahu के प्रयासों की सराहना की है। लोगों का कहना है कि यह पहल रतनपुर के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जो शहर के विकास और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद

.jpeg)

